पलटन बाजार में लगी स्ट्रीट लाइटों का चार महीनों से स्मार्ट सिटी ने बिल ही जमा नहीं किया। ऐसे में अब यूपीसीएल ने स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया है। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता गौरव सकलानी ने बताया कि चार महीने से स्मार्ट सिटी ने बिल जमा नहीं किया है। 88 हजार रुपये बकाया होने पर कुछ दिन पहले ही स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काटा गया है। वहीं, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया कि एक-दो दिन में बिल जमा करा दिया जाएगा। दून के सबसे बड़े बाजार पलटन में घंटाघर से दर्शनी गेट तक धामावाला सहित कई अन्य बाजार भी हैं। स्मार्ट सिटी की ओर से यहां करीब 100 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं, लेकिन शाम को अंधेरा छाने से इन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काटे जाने का मामला जिलाधिकारी कार्यालय भी पहुंचा। इस पर जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने समार्ट सिटी के अधिकारियों को जल्द बिल जमा करने और स्ट्रीट लाइट शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
