उत्तराखंड के बड़कोट क्षेत्र में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्याना चट्टी के ठीक पीछे अचानक पहाड़ी दरकने से भारी भूस्खलन हुआ है, जिसके चलते पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। पहाड़ी से गिरे विशालकाय बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा तेजी से खिसकते हुए स्याना चट्टी के रिहायशी इलाके तक पहुंच गए।अचानक हुए इस भूस्खलन की तेज डरावनी आवाज और मलबे को अपनी ओर आता देख स्थानीय लोग और वहां ठहरे यात्री बुरी तरह घबरा गए। अपनी जान बचाने के लिए लोग तुरंत अपने घरों और होटलों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। गनीमत यह रही कि इस भयानक मंजर के बीच कई होटल और वहां खड़े वाहन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, अन्यथा जनहानि का एक बड़ा हादसा हो सकता था।
