राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उठाए गए सुधारात्मक कदमों को लागू करने की दिशा में आगे कदम बढ़ा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा, मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित करने, कर्मचारियों में कौशल विकास, चुनाव प्रक्रियाओं में नई तकनीक का प्रयाेग जैसे कदम उठाए हैं। मतदाताओं को मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पहचान पत्र के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्हें मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 15 दिनों के भीतर मतदाता पहचान पत्र मिल जाएगा। इसके लिए विस्तृत एसओपी जारी की जा चुकी है। विशेष यह कि आवेदन के पश्चात मतदाता पहचान पत्र जारी करने संबंधी सूचना आवेदक को समय-समय पर उसके दिए गए मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो सकेगी।आयोग ने इस वर्ष मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत उनके मोबाइल को सुरक्षित जमा करने की सुविधा देने का भी निर्णय लिया है। इसके लिए मतदान केंद्रों के निकट मोबाइल डिपाेजिट फैसेलिटी उपलब्ध कराई जाएगी।आयोग ने इस बार कर्मचारियों के साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, पुलिस, मीडिया कर्मियों व अधिकारियों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा चुके हैं।
