मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस पर परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों को सरकार की ओर से दी जाने वाली अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ करने की घोषणा की है। उन्होंने कारगिल शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित उनके परिजनों को सम्मानित किया।रविवार को गांधी पार्क में कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सुरक्षा नीति अधिक सशक्त, निर्णायक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हुई है। आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई, सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक आधारभूत संरचना का तीव्र विकास व रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रयास नए भारत की शक्ति के प्रतीक हैं। वन रैंक-वन पेंशन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तथा सैनिक कल्याण से जुड़े अनेक ऐतिहासिक निर्णयों से देश के सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान बढ़ा है।
