मौसम विभाग ने रविवार के लिए राज्य के छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों तथा कुछ मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य पर्वतीय सड़कों पर यात्रा करने वाले यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर शुरू करने की अपील की गई है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज से बहुत तेज बारिश के एक-दो दौर आने की भी संभावना जताई गई है।
