मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से वर्षा की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।मौसम विभाग ने शनिवार को देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज वर्षा की चेतावनी दी गई है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने और तेज वर्षा होने की बात कही है। स्यानाचट्टी में यमुनोत्री हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा भूस्खलन के चलते वाशआउट होने से हाईवे पर 27 घंटों से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप है। यात्री भूस्खलन जोन पार करने के लिए जंगल के बीच फिसलनभरी पगडंडी से पैदल आवाजाही करने को मजबूर हैं। पिथौरागढ़ जिले में चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख राजमार्ग 28 घंटे अवरुद्ध रहा।कई जगह जर्जर भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन ने एहतियातन परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है।
