प्रदेश के खिलाड़ियों को खेल रत्न और प्रशिक्षक को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा। खेल विभाग ने वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन मांगे हैं। अभ्यर्थी देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार, हिमालय रत्न खेल पुरस्कार, देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र पर संबंधित मान्यता प्राप्त राज्य खेल संघ की संस्तुति और खेल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन अनिवार्य होगा । पुरस्कारों के लिए केवल ओलंपिक, विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, एफ्रो-एशियन खेल, एशियन, राष्ट्रमंडल एवं एफ्रो-एशियन चैंपियनशिप, सैफ खेल और राष्ट्रीय खेलों में प्राप्त उपलब्धियों को ही मान्यता दी जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी और प्रशिक्षक निर्धारित आवेदनपत्र के साथ अपने शैक्षणिक एवं खेल प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। उत्तराखंड का मूल या स्थायी निवास प्रमाणपत्र और संबंधित राज्य खेल संघ की संस्तुति भी संलग्न करनी होगी। प्रशिक्षकों को अपने अधीन खिलाड़ी द्वारा न्यूनतम 180 दिन प्रशिक्षण प्राप्त करने का 10 रुपये के स्टाम्प पर नोटरी प्रमाणित प्रमाणपत्र भी देना होगा। आवेदन 24 जुलाई तक निदेशक खेल कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
