Shooting a gun in night
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास शराब के ठेके के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है, जबकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। जानकारी के अनुसार, छह नंबर पुलिया स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।फायरिंग में नवीन राणा (39) और कविंद्र शर्मा (25) गोली लगने से घायल हो गए। नवीन राणा के कंधे में गोली लगी है। वह एक मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का कार्य करते हैं और उनका उपचार कैलाश अस्पताल में चल रहा है। वहीं कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उन्हें तत्काल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
