वीकेंड पर देहरादून में पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण शहर की सड़कों पर भीषण जाम लग गया,मसूरी, सहस्रधारा, लच्छीवाला आदि प्रमुख पर्यटक स्थलों को जाने वाले पर्यटक वाहनों से शहर जाम से जूझता रहा। खासकर राजपुर रोड, सहस्रधारा रोड और हरिद्वार बाईपास पर दिनभर जाम जैसे हालात रहे।भीषण गर्मी और छुट्टियों के चलते इन दिनों देहरादून और आसपास के पर्यटक स्थलों में निकटवर्ती राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।इसके अलावा वीकेंड पर तो स्थानीय पर्यटक भी घूमने निकल रहे हैं। ऐसे में सड़कों पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ गया है और ज्यादातर मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या आम हो गई है।रविवार को सुबह से ही प्रमुख मार्गों पर वाहनों की भीड़ रही। खासकर सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक हरिद्वार बाईपास, सहारनपुर रोड, गांधी रोड, राजपुर रोड, चकराता रोड, मसूरी रोड आदि पर वाहनों की कतारें लगी रहीं और ट्रैफिक बेहद धीमी गति से आगे बढ़ता रहा। यहां तक कि दून से मसूरी तक कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती रही। पुलिस शहर के चौराहों पर यातायात व्यवस्था बनाने में जुटी रही, लेकिन पुलिस के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हुए। इस बीच पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ी।
