मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शहर को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में बड़ी सौगात दी। 3.75 करोड़ की लागत से तैयार हुए कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन कोर्ट के साथ ही जिम की भी सुविधा दी गई है। मुख्यमंत्री रविवार की सुबह करीब 11 बजे सबसे पहले दिल्ली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम सुना। सीएम ने इसे ऐतिहासिक कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के निवासियों को हमेशा प्रोत्साहन मिलता है। वहीं, रोडवेज के समीप सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करने के बाद सीएम ने जिम में ट्रेड मिल पर दौड़ लगाई और अन्य उपकरणों से एक्सरसाइज भी की। उन्होंने एकेडमी के बच्चाें के साथ बैडमिंटन भी खेला।सीएम ने हरिद्वार विकास प्राधिकरण की सराहना करते हुए कहा कि कॉम्प्लेक्स युवाओं को खेल और मजबूत स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। इससे पहले सीएम ने पीएम के मन की बात और युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
