तेजी से फैल रही अवैध कालोनियों पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की।सहसपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में करीब 50 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कालोनी को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्लाटों का चिन्हीकरण, सीसी सड़क और अन्य निर्माण हटाए गए।एमडीडीए को सूचना मिली थी कि नया हाईवे, कल्याणपुर क्षेत्र में भू-स्वामी जैद रफी द्वारा बड़े पैमाने पर बिना स्वीकृति कालोनी विकसित की जा रही है। मौके पर जांच में पाया गया कि भूमि को प्लाटों में विभाजित कर सीमांकन किया जा चुका था और आंतरिक संपर्क मार्ग के लिए सीसी सड़क भी बनाई गई थी। हालांकि इसके लिए प्राधिकरण से अनुमति नहीं ली गई थी। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि सुनियोजित और नियमानुसार विकास सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। कल्याणपुर की कार्रवाई अवैध कालोनियां विकसित करने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि नियमों की अनदेखी करने पर कठोर कार्रवाई होगी।
