राज्य में 21 जून को होने वाली नीट प्रवेश पुर्नपरीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को गुरुवार रात 12 बजे बजे के बाद परिवहन निगम की साधारण बसों में निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।यह सुविधा 23 जून की रात 12 बजे तक अनुमन्य होगी। महाप्रबंधक परिवहन निगम क्रांति सिंह ने सरकार के इस आदेश के संबंध मे सभी मंडलीय व डिपो प्रबंधकों को सूचना जारी कर दी है।परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि केवल उत्तराखंड राज्य के निवासी परीक्षार्थी को ही यह सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा परीक्षार्थी को उसके गृह स्थान से परीक्षा केंद्र तक तिथि के दो दिवस पूर्व से लेकर परीक्षा केंद्र से घर वापसी के लिए दो दिवस बाद तक दी जाएगी। यह सुविधा केवल एक बार के लिए मान्य होगी।इसके लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की हार्ड कापी के स्थान पर मोबाइल पर भी साफ्ट कापी दिखाना निश्शुल्क यात्रा के लिए अनुमन्य होगा। इसके लिए टिकट मशीन पर भी नीट परीक्षा का आप्शन दिया गया है।यदि किसी मशीन पर यह आप्शन नहीं आता है तो परिचालक वे बिल पर रोल नंबर, नाम व मोबाइल नंबर अंकित करेगा। मुख्यालय ने सभी डिपो को परीक्षार्थियों की उपलब्धता के आधार पर बस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
