मेरठ से लक्ष्मणझूला, ऋषिकेश के बीच हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) जल्द चलेगी। उत्तराखंड और यूपी के बीच इस पर सहमति बन गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस परियोजना के रूट संरेखण (अलाइनमेंट) को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इसके लिए 7.02 करोड़ रुपये के परामर्श शुल्क को भी मंजूरी मिल गई है। जल्द ही मेरठ से लक्ष्मणझूला तक के 150 किमी लंबे कॉरिडोर की डीपीआर के लिए सर्वे शुरू हो जाएगा। इससे दिल्ली से ऋषिकेश का सफर केवल ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा।इस कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 7.02 करोड़ के परामर्श शुल्क को आकस्मिकता निधि से मंजूरी देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसके बाद धरातल पर सर्वे का काम तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया जाएगा।प्रस्तावित परियोजना के मुताबिक, मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से यह नया ट्रैक शुरू होगा, जो मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह ट्रैक रुड़की, हरिद्वार में हर की पैड़ी होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। इस 150 किलोमीटर लंबे रूट का 72 किमी का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 78 किमी का हिस्सा उत्तराखंड में आएगा। 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली इस ट्रेन के शुरू होने के बाद दिल्ली से ऋषिकेश का सफर ढाई से तीन घंटे का रह जाएगा।
