stormy weather
गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई बारिश और उसके 21 घंटे बाद शुक्रवार रात आठ बजे फिर बरसे मेघों ने दूनवासियों को लगातार दूसरी बार भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई। बिजली की चमक और बारिश की बौछारों ने पूरे शहर का मौसम बदल दिया। लगातार दूसरे दिन हुई बारिश ने संकेत दिया है कि दून में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और मौसम अब बार-बार करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार एक घंटे के दौरान देहरादून में लगभग 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं के असर से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को भी देहरादून में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश अथवा बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि अधिकांश समय मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।हालांकि, बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बनाया, वहीं जलभराव, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आईं। दून के बाहरी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी सूचना मिली। इससे किसानों और बागवानी से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ी, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।मौसम ने करवट ली थी और तेज बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी थी। इसके बाद शुक्रवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल किए रखा, लेकिन रात करीब आठ बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए।
