उत्तराखंड में जनगणना के पहले चरण में जहां आम लोग जानकारी नहीं दे रहे तो वहीं कई विभाग भी प्रगणकों को दिनभर अपने काम में उलझा रहे हैं। कई ने तो प्रगणकों का आकस्मिक अवकाश (सीएल) लगा दी। नाराज जनगणना निदेशालय ने सोमवार को सभी को पत्र लिख साफ कर दिया है कि जो लोग जानकारी नहीं देंगे उनके खिलाफ अब प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।प्रदेश में 25 अप्रैल से घर-घर भवन गणना शुरू हुई थी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने खुद सभी जिलाधिकारियों संग बैठक कर प्राथमिकता पर इस अभियान को पूरा कराने के निर्देश दिए। अब केवल छह दिन बाकी हैं। 67 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है।विभागों का रुख भी बेहद नकारात्मक नजर आ रहा है। विभागों के अधिकारी शाम तक उन कर्मचारियों को नहीं छोड़ रहे, जिनकी ड्यूटी जनगणना में लगी है। इस कारण कर्मचारी या तो जनगणना का काम शाम व रात को कर रहे हैं या फिर नहीं कर रहे हैं। कई विभागों ने तो जनगणना में जाने वाले कर्मचारी की सीएल ही लगा दी। इस पर भी जनगणना निदेशालय ने सख्त रुख अपनाते हुए पत्र भेजा है।
