नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही नवविवाहिता लापता हो गई। कानपुर निवासी मनीष अग्रोही का विवाह तीन माह पूर्व हुआ है। मनीष अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ उत्तराखंड आए थे। केदारनाथ दर्शन के बाद पांच मई को दपंती नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से देहरादून से गाजियाबाद जा रहे थे। मनीष के अनुसार रात 10.30 बजे वह ट्रेन में सवार हुए थे। हरिद्वार तक उनकी पत्नी और वह बातें करते रहे। इस बीच उनकी आंख लग गई। रुड़की पहुंचने पर उनकी आंख खुली तो उनकी पत्नी सीट पर नहीं थी। उन्होंने कोच में उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद वह परिजनों के साथ कानपुर से लक्सर लौटे। नवविवाहिता की आखिरी लोकेशन बहादरपुर रेलवे बाईपास के समीप मिलने पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे लेकिन यहां उन्हें सीसीटीवी नहीं चलने की जानकारी मिली। इस पर वह आक्रोशित हो गए। उन्होंने रेल प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। विवाहिता की तलाश में लक्सर पहुंचे उसके परिजनों ने रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने पर हंगामा किया। उन्होंने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। मामले में कोतवाली पुलिस ने नवविवाहिता की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस ने नवविवाहिता की तलाश में एथल से लक्सर होते हुए डोसनी की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया।
