रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब प्रतिबंधित समय में प्रवेश को लेकर दिल्ली के पर्यटक और स्थानीय निवासियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। लात-घूंसे भी चले। घटना भगत सिंह चौक के पास की है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भगत सिंह चौक पर दिल्ली के पर्यटक की गाड़ी गेट पर खड़ी थी, पर्यटक वाहन के पीछे स्थानीय लोगों की गाड़ी खड़ी थी। पर्यटक को गाड़ी गेट से हटाने के लिए कहा गया और प्रतिबंधित समय में माल रोड में वाहन नहीं ले जाने की बात कही गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। पर्यटक को गाड़ी गेट से हटाकर स्थानीय लोगों को पार्किंग में जाने के लिए कहा गया, लेकिन विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षो में हाथापाई शुरू हो गई, जिससे मौके हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस और नगरपालिका के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया और पुलिस उन्हें अपने साथ कुलड़ी चौकी ले गई।
