उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं, जबकि पहाड़ों पर घने बादलों के बीच वर्षा और ओलावृष्टि के दौर हुए। कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ीं।मौसम के बदले मिजाज से पारे में भी गिरावट दर्ज की गई। आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। सोमवार को कहीं-कहीं गरज के साथ ओलावृष्टि, अंधड़ और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है।सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। देहरादून, नैनीताल समेत सात जिलों में वर्षा के तीव्र दौर, अंधड़, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
