एटीएस कॉलोनी के लोगों को परेशान करने के आरोपी बिल्डर पर लगा गुंडा एक्ट ,कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बिल्डर पुनीत अग्रवाल लंबे समय से क्षेत्र में मनमानी और गुंडागर्दी कर रहा है। सरकारी जमीन पर कब्जे, अवैध निर्माण और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट व अभद्रता के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। हर बार मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को संरक्षण दिया जा रहा है।लोगों ने बताया कि हाल ही में आरोपी बिल्डर ने कॉलोनी में रहने वाले एक वैज्ञानिक दंपती के साथ मारपीट की। इसमें पीड़ित के कान का पर्दा तक फट गया। इससे पूर्व कॉलोनी अध्यक्ष के साथ मारपीट और त्योहारों के दौरान बच्चों को धमकाने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।आरोप है कि बिल्डर अक्सर तेज रफ्तार में वाहन चलाकर बच्चों को डराता है और बिना किसी कारण गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। इन घटनाओं के चलते कॉलोनी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपी बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होंगे। कॉलोनीवासियों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कॉलोनीवासी ईश्वरी प्रसाद ने कहा कि वे कई बार पुलिस और अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन आरोपी की ऊंची पहुंच के कारण कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। उल्टा विरोध करने वालों के खिलाफ ही झूठे काउंटर केस दर्ज कराए जा रहे हैं।
