चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। इस क्रम में श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा की तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रप्रयाग में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर यात्रा व्यवस्था का जायजा लिया, साथ में यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री धामी ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जवाड़ी बाइपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा में हटाए गए अतिक्रमण, बांसवाड़ा तथा कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति परखी। उन्होंने सड़कों के पेचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर, सुरक्षा उपायों और सुंदरीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं।उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य और मानवीय व्यवहार करने पर विशेष बल दिया।

