प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे को लेकर उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर व्यापक सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए त्रुटिरहित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रधानमंत्री की सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम के दौरान 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।डीजीपी ने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें। उन्होंने वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से ऊंचे भवनों, पानी की टंकियों व अन्य संवेदनशील स्थानों पर बम निरोध दस्ते व डाग स्क्वाड भी तैनात किया जाएंगे।पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सोमवार को पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। इससे पूर्व पुलिस, प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से मिनट-टू-मिनट रिहर्सल कर प्रोटोकॉल, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए प्रत्येक व्यक्ति की मेटल डिटेक्टर से जांच अनिवार्य होगी। बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही, अनधिकृत वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

