प्रदेश में चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। यात्रा के दृष्टिगत तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत हर धाम में पुलिस का आतंकवाद निरोधक दस्ता तैनात रहेगा।यात्रियों की मदद को 57 पर्यटन पुलिस केंद्र और 48 राहत व सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। चारों धाम व यात्रा मार्ग पर 7000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, यात्रा मार्ग पर नजर रखने को 1168 सीसी कैमरे और 15 ड्रोन भी तैनात किए जाएंगे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर दिए गए निर्देशों के बाद संबंधित विभाग तैयारियों में जुट गए हैं। इस कड़ी में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अधिकारियों के साथ बैठक की।बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बताया गया कि संपूर्ण यात्रा क्षेत्र को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जबकि वाहनों के सुचारू संचालन के लिए 118 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं।इसके साथ ही 52 बाटलनेक, 109 भूस्खलन संभावित क्षेत्र और 61 ब्लैक स्पाट की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

