प्रेमनगर थाने में शिकायत सुन रही महिला पुलिसकर्मी पर आरोपित भड़क गए और उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। अपर उपनिरीक्षक शोभा मेहता ने बताया कि नौ अप्रैल को वह महिला डेस्क पर शिकायतकर्ता यशपाल तंवर निवासी श्यामपुर प्रेमनगर के प्रार्थना पत्र पर पूछताछ कर रही थी। अपना पक्ष रखने के लिए उन्होंने दूसरे पक्ष से प्रवीण सेमवाल को बुलाया था। वह दोनों पक्षों की बात सुन ही रही थी कि अचानक एक महिला अपने साथ एक युवक को लेकर आई और आते ही उनके गाल पर जोर से थप्पड़ मारकर धक्का दे दिया। एएसआई ने बताया कि वह संभल पाती तो पहले से कार्यालय मैं बैठे प्रवीण सेमवाल भी एकदम गुस्से में आकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा और गाली देते हुए कहने लगा कि पुलिसवालों को आज थाने पर ही सबक सिखाते हैं।प्रवीण सेमवाल ने भी महिला कांस्टेबल सुशीला का हाथ मरोड़ते हुए उसे भी धक्का दे दिया, जिससे महिला कांस्टेबल के हाथ में भी चोट लग गई। महिला ने थाने में आते ही गाली-गलौज, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शांति व्यवस्था भंग की।आरोपित महिला ने जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज करते हुए मेरे दोनों हाथ पकड़ लिए और उसके साथ आए युवक ने भी हाथापाई की। इतने में महिला के साथ आया युवक अपने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए थाने से भाग गया। आरोपितों की पहचान प्रतीक्षा सेमवाल, उसका पति प्रवीण सेमवाल दोनों निवासी उखीमठ जिला रुद्रप्रयाग वर्तमान निवासी न्यू कालोनी उम्मेदनगर और आकाश निवासी चौरा जखोली रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। तीनों आरोपितों ने उनकी वर्दी फाड़ दी। मौके पर अन्य पुलिसकर्मी दौड़कर आए और तीनों को पकड़ लिया।

