उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है और वर्षा-बर्फबारी के दौर भी हो रहे हैं। बारिश के चलते मौसम में ठंडक आ गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हल्की बारिश, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। केदारनाथ-बदरीनाथ समेत तमाम चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात के दौर हुए।मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। जिससे अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।पहाड़ों में भी पिछले तीन दिन से रुक-रुककर वर्षा-बर्फबारी के दौर हो रहे हैं। अप्रैल में हो रही बर्फबारी से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंड लौट आई है। पहाड़ों में पांच साल बाद अप्रैल में सर्वाधिक बर्फबारी देखी गई है।निचले इलाकों में भी हल्की बौछारों से लेकर कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई। जिससे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों में कड़ाके की ठंड लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेशभर में वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं।

