प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लगातार गति देने को प्रयासरत है। सभी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धार्मिक पर्यटन को आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे और नदी तटों के समग्र विकास को शारदा रिवर फ्रंट, हरिद्वार मास्टर प्लान और ऋषिकेश गंगा कारिडोर के लिए 109 करोड़ की स्वीकृति दी है।इस कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न अवस्थापना एवं जनहित योजनाओं के लिए 242 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें शहरी विकास, सड़क एवं पुल निर्माण, पर्यटन ढांचे और आपदा प्रबंधन संबंधी योजनाएं शामिल हैं।मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों, पौड़ी, देहरादून और ऊधम सिंह नगर में सड़कों और पुलों के पुनर्निर्माण एवं सुधार के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी है। इसके तहत देहरादून-मसूरी हाईवे पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर दो लेन बाक्स पुल निर्माण को 12 करोड़ की मंजूरी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कैंप कार्यालय भवन, देहरादून में आईआरबी द्वितीय वाहिनी के आवासीय भवन और 240 बेड बैरक निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत किया है। इससे सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता और आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।

