धामी सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, उत्तराखंड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड विकास व सुशासन की नई पहचान बना है।प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस व समृद्ध परंपराओं की भूमि रही है। यहां की विविध भाषा, बोलियां, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली प्रदेश को विशिष्ट पहचान देती हैं। जब से केंद्र में हमारी सरकार बनी है, तब से उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के माध्यम से प्रदेश में रेल संपर्क को मजबूत किया जा रहा है।

