आज दून के ऐतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण होगा। इसके लिए जुटी संगत से दून की रंगत भी बढ़ी हुई है। चारों ओर भक्ति और उल्लास का माहौल है। दून नगरी भी भक्ति के रंग में सराबोर है।मेले की पूर्व संध्या पर श्री दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को गुरु मंत्र दिया। संगत ने गुरु मंत्र को आत्मसात कर श्री झंडा साहिब और श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार शनिवार शाम को पूरब की संगत को पगड़ी, ताबीज और प्रसाद वितरित कर विदाई दी गई। झंडे जी को उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद संगत दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल और पंचगव्य से ध्वजदंड को स्नान कराएगी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अरदास के बाद 10 बजे गिलाफ चढ़ाने का काम शुरू होगा। दोपहर दो से चार बजे के बीच श्रीमहंत की अगुवाई में श्री झंडे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा।

