उत्तराखंड पावर कारपेारेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक को लेकर स्थिति साफ करते हुए कहा कि ऐसी कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। खराब-फुंके व गलत रीडिंग दे रहे मीटरों को प्राथमिकता से बदलने के आदेश दिए गए हैं। यूपीसीएल के एमडी अनिल यादव ने कहा कि नए विद्युत कनेक्शन में स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक नहीं लगाई गई है, बल्कि खराब मीटरों का प्रतिस्थापन कर स्मार्ट मीटर लगाने को प्राथमिकता देने के लिए निर्देशित किया गया है । वर्तमान में बदले जा रहे स्मार्ट मीटर के साथ पुराने खराब मीटरों के रिप्लेसमेंट को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर निस्तारण किया जा सके।यूपीसीएल के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 20 हजार विद्युत मीटर खराब पड़े हैं, जिन्हें बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं।क्षतिग्रस्त हो चुके मीटरों को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाने के लिए यूपीसीएल ने विशिष्ट शिविरों का आयोजन शुरू कर दिया है। सभी जोन, सर्किल और डिविजन स्तर पर टीमों को सक्रिय कर शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में कार्यों की सतत प्रगति बनी रहे। फील्ड अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मीटर इंस्टालेशन, तकनीकी सुधार और अन्य गतिविधियों को बिना देरी के पूरा करें। यूपीसीएल प्रदेश में सभी नए कनेक्शन स्मार्ट मीटर के साथ ही जारी कर रहा है।

