
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार पर वार करने और विजिलेंस को और मजबूत करने के लिए सर्विलांस, तकनीकी व वित्तीय विशेषज्ञों की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के आदेश मिलने के बाद शासन ने पद भरने के लिए मंजूरी दे दी है। जल्द ही पुलिस मुख्यालय की ओर से इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लंबे समय से खाली चल रहे सर्विलांस, तकनीकी व वित्तीय विशेषज्ञों के 21 पद भरने के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है।जल्द ही इन पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यह सभी तकनीकी विशेषज्ञ के पद हैं, इन पदों के भरे जाने के बाद जहां भ्रष्टाचारियों का समय पर रिकार्ड खंगाला जाएगा वहीं वित्तीय लेनदेन की रिपोर्ट समय पर मिलने से विजिलेंस समय पर भ्रष्टाचारी पर शिकंजा कस सकेगी।मौजूदा समय में विजिलेंस के पास तकनीकी विशेषज्ञ न होने के चलते भ्रष्टाचार के बड़े आरोपित पर कार्रवाई करने के लिए बाहर से एक्सपर्ट बुलाने पड़ते हैं।मौजूदा समय में विजिलेंस सर्विलांस से लेकर वित्तीय विशेषज्ञों की कमी से जूझ रहा है। यदि किसी आरोपित की गिरफ्तारी करने के लिए उसकी काल डिटेल, लैपटाप व कंप्यूटर की जांच के लिए कोई विशेषज्ञ नहीं है। ऐसे में विजिलेंस को जिला पुलिस पर निर्भर रहना पड़ता है। जिला पुलिस के पास पहले ही बड़ी संख्या में केस रहते हैं, ऐसे में रिपोर्ट मिलने में देरी हो जाती है।इसी तरह तकनीकी विशेषज्ञ न होने के कारण भ्रष्टाचारियों पर समय पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। विजिलेंस जब किसी के विरुद्ध खुली जांच करती है तो पता लगता है कि भ्रष्टाचारी ने धनराशि विभिन्न जगह निवेश की हुई होती है। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए विजिलेंस को बाहर से चार्टेड अकाउंटेंट बुलाने पड़ते हैं। यदि विजिलेंस के पास तकनीकी विशेष रहेंगे तो समय पर जांच पूरी होने पर भ्रष्टाचारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई हो सकेगी।