
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम में हिमालयन हेरिटेज सोसाइटी की ओर से आयोजित भगवती सुरकंडा मां दिव्य जागर विमोचन समारोह में यह विचार रखे। उन्होंने जागर गायक प्रीतम भरतवाण के सुरकंडा देवी पर जागर का विमोचन भी किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप और अस्तित्व को बचाने के संकल्प पर वह अडिग हैं, यह प्रयास अनवरत जारी रहेगा। लैंड जिहाद और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सीएम ने राजकीय सेवाओं के चयन में पारदर्शिता व विश्वनीयता पर बात करते हुए कहा कि अब राज्य में सरकारी सेवाओं में चयन का आधार केवल और केवल मेरिट, प्रतिभा व योग्यता है, इसलिये राजकीय सेवाओं में आने के इच्छुक युवा पूरे विश्वास एवं लगन से परीक्षाओं की तैयारी करें, उनका भविष्य उज्ज्वल है।ऑपरेशन कालनेमि के तहत अब तक 60 से अधिक छद्म वेषधारी गिरफ्तार हो चुके हैं। प्रदेश सरकार देवभूमि के देवत्व को बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है। पवित्र सावन मास व चारधाम यात्रा के दौरान ऑपरेशन कालनेमि पूरी गहनता से जारी रहेगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जागरों के माध्यम से हमारे पूर्वजों ने प्रकृति, पर्वत, नदियों और देवशक्तियों के साथ संवाद स्थापित किया। हमारी ये जागर परंपरा वेद मंत्रों जितनी ही पावन है, जिसे केवल गाया ही नहीं जाता बल्कि अनुभव भी किया जाता है। जागर में शब्द नहीं बल्कि शक्ति होती है, प्रत्येक बोल, प्रत्येक ताल और ढोल की थाप में एक आध्यात्मिक शक्ति होती है, जो देवत्व को आमंत्रित करती है।