
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड में बादल फटने के स्थान सहित ओजरी और स्यानाचट्टी का हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने शासन और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को युद्धस्तर पर स्थिति को सुधारने के लिए धरातल पर कार्य करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही यमुनोत्री क्षेत्र के आसपास के स्थितियों का अवलोकन किया। कहा कि आपदा और राहत बचाव के कार्यों को सक्रियता के साथ कार्य किया जाए। उच्च अधिकारियों को इन कार्यों का लगातार स्थलीय निगरानी कर रिपोर्ट सौंपने को कहा। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे। बीते 28 जून को यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के समीप बादल फटने के कारण वहां पर एक निजी होटल का कार्य करने वाले टिनशेड और पलाई के कमरों में रह रहे नौ लोग मलबे और पानी के साथ बह गए थे। वहीं 20 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया। मलबे में बहे लोगों में से दो के शव बरामद हो गए थे।