
उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है। हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी है। बीते कुछ दिनों से मौसम के बदले मिजाज से भीषण गर्मी से भी राहत है।अगले दो दिन में भारी वर्षा के साथ मानसून उत्तराखंड में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी देहरादून समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। दून में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा और दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के दौर शुरू हो गए। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आसपास के क्षेत्रों में भी बौछारों का क्रम बना रहा। पहाड़ों में भी वर्षा का क्रम बना हुआ है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा आदि जिलों में आंशिक बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।