
बुधवार को हुई बारिश का असर बृहस्पतिवार के तापमान पर भी देखने को मिला। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 33.7 डिग्री रहा। जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कमी के साथ 18.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर तापमान पर भी पड़ा है। पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और प्री-मानसून की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आज (शुक्रवार) के मौसम की बात करें तो दून आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान की बात करें तो दिन का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज (शुक्रवार) उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो सात से 10 जून तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि 11 जून को एक बार फिर मौसम के बदलने की संभावना है