
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने प्रदेश कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में केंद्र सरकार पर हमला बोला। पायलट ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संविधान की रक्षा करने के साथ ही प्रदेश में तख्ता पलटने का संकल्प भी लेना होगा। उन्होंने कहा कि 11 साल में जिन लोगों के हाथों में देश की सत्ता है, उन्होंने सोच-समझकर नीतिगत तरीके से संविधानिक संस्थाओं को निरंतर खोखला करने का काम किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में आज भी भारत के लोकतंत्र का उदाहरण देते हैं।उन्होंने तंज किया कि 400 पार का दावा करने वालों ने घमंड की पराकाष्ठा पार कर दी थी। देश की जनता ने 240 पर टेक दिया। सरकार नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू की बैसाखी पर टिकी है। जिस दिन नीतीश-नायडू ने बैसाखी खींच ली, उस दिन पता चल जाएगा।पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि महात्मा गांधी, आंबेडकर और नेहरू ने देश को संविधान दिया। हम उनके अनुयायी है। लेकिन भाजपा के लोग तीन मूर्तियों, मोहन भागवत, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को इनकी जगह फिक्स करना चाहते हैं। हमें सौगंध खानी है कि ऐसा कभी नहीं होने देंगे।