मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जरूरतमंदों को समय पर एंबुलेंस और एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने को मानक प्रचालन कार्यविधि (एसओपी) बनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे परिवारों, जिन्हें आर्थिक परेशानी है, उनके मृतक परिजनों का शव घर पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था जिलाधिकारी करेंगे।सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी जरूरतमंदों को समय से एंबुलेंस की सुविधा मिलनी चाहिए। कुछ दिन पहले अल्मोड़ा में एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक परिवार आर्थिक संकट के कारण परिजनों का शव एंबुलेंस के माध्यम से पिथौरागढ़ तक नहीं ले जा पाए। उन्हें बोलेरो वाहन की छत में शव ले जाने को मजबूर होना पड़ा था। मुख्यमंत्री इस घटना को लेकर चिंतित नजर आए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अस्वस्थता के कारण किसी मृतक व्यक्ति के परिजनों को दाह संस्कार में कठिनाई आ रही है तो संबंधित जिलों के जिलाधिकारी अपने स्तर से यह व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडे, अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमन और उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।

