प्रदेश के वीरता पदकधारक सैनिकों के साथ ही अब शहीद सैनिकों के परिजन भी परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैनिक कल्याण विभाग की बैठक में अफसरों को इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।मंत्री ने ये भी निर्देश दिए कि संविदा कर्मचारियों को उपनल कर्मियों की तरह अवकाश प्रदान करने के प्रस्ताव को कैबिनेट में लाया जाए। कहा, वीरता पदक धारक सैनिकों को राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।मंत्री ने सैन्य धाम के निर्माण कार्यों के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वीरता पदक धारक 30 सैनिकों को परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा के पास भी जारी कर दिए गए हैं। बैठक में सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर अमृतलाल, उप निदेशक कर्नल एमएस जोधा, उप निदेशक देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

