
उत्तराखंड से मानसून बुधवार को विदा हो गया है।इस बार मानसून सीजन में सामान्य वर्षा हुई, हालांकि कुछ जिलों में मेघ अत्यधिक बरसे। पिछले तीन वर्षाें से उत्तराखंड में मानसून की विदाई अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में ही हो रही है। अब अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन मानसून रेखा अब औपचारिक रूप से उत्तराखंड से लौट गई।सितंबर में सामान्य से डेढ़ गुना बारिश के बाद अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही मानसून विदा हो गया है। इस बार 27 जून को उत्तराखंड में मानसून ने दस्तक दी थी। जिसके बाद बारिश का सिलसिला तेज हो गया। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ था, लेकिन कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे थे।अब मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली रह सकती है, लेकिन सुबह-शाम पारे में गिरावट आने के आसार हैं।