बृहस्पतिवार को एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर हत्याकांड का राजफाश किया। एसएसपी ने बताया कि सोमवार की तड़के एक किशोरी का शव पतंजलि के पास हाइवे पर मिला था। शाम को परिजनों ने उसकी पहचान की थी।पीड़िता की मां ने दो आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पांच टीमें गठित की गई। इंस्पेक्टर भावना कैंथोला, बहादराबाद एसओ नरेश राठौड़ ने अलग-अलग टीमों के साथ पड़ताल की। सामने आया कि किशोरी छह माह से आरोपी अमित सैनी के संपर्क में थी। उसे बहला-फुसला कर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण कर रहा था।एसएसपी ने बताया कि 23 जून की रात किशोरी का परिचित नितिन साजिश के तहत अपने दोस्त निखिल पांचाल, तुषार उर्फ भोला व एक अन्य दोस्त, दो बाइकों पर पांचों उसे बोंगला बाइपास रोड पर ले गए, जहां उन्होंने बियर पी। इसके बाद उसे हरकी पैड़ी क्षेत्र में ले गए और फिर वापस आकर रोहालकी जाने वाले रोड पर सुनसान जगह नितिन और निखिल ने दुष्कर्म किया। तुषार और मौसम दुष्कर्म करने वाले थे, तभी कुछ लोगों के आने की आहट पर भाग निकले। नितिन, निखिल उसे बाइक पर देर रात घर के पास छोड़कर भाग निकले। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता अपने प्रेमी अमित सैनी के घर पहुंची। किशोरी ने उसे अपने साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के बारे में बताया तो वह भड़क गया। घर में उसे पीटा। परिजनों ने नाबालिग होने से सभी के फंसने के डर से किशोरी को पीटकर घर से भगा दिया। जाते समय सिर लोहे के गेट पर लगने से घायल हो गई।घायल होने के बाद किशोरी जब घर से जा रही थी तो अमित ने उसे रास्ते हटाने की योजना बनाई। उसका पीछा कर रास्ते में पकड़ लिया। हत्या करने के मकसद से उसे दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर पतंजलि रिसर्च इंस्टिट्यूट के सामने ले गया। अंधेरे का फायदा उठाकर रुड़की से हरिद्वार जाने वाले अज्ञात वाहन के सामने धक्का देकर अंधेरे में खड़ा रहा। उसकी मौत होने के बाद वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी अपने चचेरे भाई प्रधान पति आदित्य सैनी को भी बताई।मुख्य आरोपी अमित सैनी व उसकी मां को गिरफ्तार कर खून से सना कपड़ा और संबंधित बिस्तर और किशोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपी नितिन व निखिल पांचाल, तुषार उर्फ भोला व मौसम को घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ पकड़ा गया।

