केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को हरिद्वार से 4750 करोड़ की लागत से 27 परियोजनाओं का भूमि पूजन और दो परियोजनाओं का लोकार्पण किया।इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तराखंड की सड़क कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत करते हुए कहा कि यह सौभाग्य है कि आज हम सभी को न केवल सौगात मिल रही है बल्कि एक नई उर्जा मिल रही है। कहा कि सामान्य परिस्थितियों में शुरू कार्य आज पूर्ण हो रहा है। मानव सभ्यता के लिए सड़कों का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार जताया कि तय समय में सभी निर्माण कार्य पूर्ण हो रहे हैं। कहा कि केंद्रीय मंत्री ने एक जगह से दूसरी जगह को ही नहीं बल्कि संस्कृतियों को भी जोड़ा है। आज सीमांत क्षेत्रों में भी सिमली ग्वालदम, कर्णप्रयाग से कुमाऊं क्षेत्र को जोड़ने का कार्य हो या माणा से आदि कैलाश के क्षेत्र तक सड़कों को पहुंचाने का काम हो बहुत ही तेजी से हो रहे हैं। कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ विकास भूमि के नाम से जाना जाएगा।

