केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनरल बिपिन रावत को रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा, देश के लोग स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत को, जनरल के रूप में, सीडीएस के रूप में और उत्तराखंड के निवासी के रूप में जानते हैं, लेकिन जिन लोगों ने उन्हें बहुत नजदीक से देखा है, वह जानते हैं कि वह शौर्य, साहस और शालीनता के अद्भुत संगम थे। यह तीनों चीजें उसी के भीतर हो सकती हैं जो आध्यात्मिक हो। उन्होंने यह बात यहां द टौंस ब्रिज स्कूल में सीडीएस जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कही।रक्षा मंत्री ने कहा, सरकार के रूप में हमारा भी यह हमेशा प्रयास रहता है कि सैनिकों की गरिमा को बनाए रखें। राष्ट्र की सुरक्षा में जो उनका योगदान है, उसे स्मरण करें। आज यदि भारत लगातार विकास कर रहा है, आज यदि भारत दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बना रहा है तो इसका महत्वपूर्ण कारण यही है कि हमारे सैनिक पूरी दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ भारत की सुरक्षा कर रहे हैं।उत्तराखंड को सैनिक बहुल प्रदेश बताते हुए उन्होंने कहा, भारतीय सेना के गौरवमयी इतिहास में उत्तराखंड के वीर सैनिकों का अति विशिष्ठ योगदान है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मंत्री गणेश जोशी, आईएमए के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, जनरल बिपिन रावत की पुत्री तारिणी रावत, विधायक सहदेव पुंडीर, मुन्ना सिंह चौहान, सविता कपूर, स्कूल के प्रबंधक विजय नागर आदि मौजूद रहे।

