प्रदेश में लंबे समय से नियुक्ति की बाट जोह रहे आयुष चिकित्सकों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। शासन ने 242 आयुर्वेद चिकित्साधिकारियों, एक यूनानी, एक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा और एक प्रबंधक स्टेट फार्मेसी समेत कुल 245 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। सचिव आयुष डॉ पंकज कुमार पांडेय ने इसके आदेश जारी किए।उत्तराखंड चिकित्सा चयन बोर्ड ने 11 मार्च 2022 को आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग के 253 चिकित्साधिकारी पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी करने के बाद 243 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन भी कर लिया गया। इनके नियुक्ति पत्र जारी होते, इस बीच भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतें आईं। इस पर अगस्त में मुख्यमंत्री ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए थे।इस पर शासन ने आयुर्वेद चिकित्साधिकारियों के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर रोक लगाते हुए आयुर्वेद निदेशक को जांच सौंपी। अब जांच पूरी होने के बाद शासन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के बाद इनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

