कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 28 जनवरी को देहरादून रैली में प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से भी इसमें बढ़चढ़कर सहयोग करने को कहा गया है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने इस संबंध में जिलों के प्रभारी नियुक्त किए हैं।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की देहरादून रैली 28 को रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में होगी। रैली की तैयारी के संबंध में सोमवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की उपस्थिति में वर्चुअल बैठक हुई।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि बैठक में प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य एवं पार्टी के आनुषंगिक संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रदेश अध्यक्ष सम्मिलित हुए।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र के मूल्यों का हनन करने पर तुली हुई है। राहुल गांधी की असोम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उन पर किया गया हमला लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं कहा जा सकता है।

