
उत्तराखंड में नगर निगम की कार्यकारिणी का पांच वर्ष का कार्यकाल आज पूर्ण हो रहा है। इसी के साथ नगर निगम की कमान जिलाधिकारी सोनिका को बतौर प्रशासक सौंप दी जाएगी। देहरादून नगर निगम के इतिहास में यह चौथा मौका है जब निगम का कामकाज प्रशासक को सौंपा गया।इसके साथ ही हाल ही में अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के पद से अपर नगर आयुक्त देहरादून के पद पर स्थानांतरित पीसीएस अधिकारी वीर सिंह बुदियाल ने भी शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। दो दिसंबर को नगर निकायों का कार्यकाल पूर्ण हो रहा है, इससे पहले ही शासन की ओर से सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों के निकायों में बतौर प्रशासन कामकाज देखने के आदेश जारी कर दिए गए।आज देहरादून नगर निगम में भी कार्यकाल पूर्ण होने के साथ जिलाधिकारी सोनिका निगम के कार्यों को देखेंगीं। निकाय चुनाव होने तक उनकी देखरेख में तमाम कार्य होंगे। इससे पहले चार बार प्रशासन नियुक्ति किए गए हैं। सबसे पहले वर्ष 1998 में देहरादून को नगर निगम बनाया गया और नगर पालिका का बोर्ड भंग हो गया था। वर्ष 2003 में निकाय चुनाव हुए और नई कार्यकारिणी गठित हुई। इस दौरान चार साल तक प्रशासक ने निगम की कमान संभाली। इसके बाद वर्ष 2008 में निकाय चुनाव से पूर्व तीन माह तक प्रशासक नियुक्त रहा। अगले 10 वर्ष के बीच ऐसी स्थिति नहीं बनी। फिर वर्ष 2018 में भी कुछ समय के लिए प्रशासन को निगम की जिम्मेदारी दी गई थी।