उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों व स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में नर्सिंग भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में नर्सिंग अधिकारी के रिक्त 1455 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है।भर्ती वर्षवार योग्यता क्रम यानी वरिष्ठता के आधार पर की जाएगी। जिसके लिए 12 दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थी एक जनवरी शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की सचिव गरिमा रौंकली ने बताया कि नर्सिंग अधिकारी महिला (डिप्लोमाधारक) के 797, नर्सिंग अधिकारी महिला (डिग्रीधारक) के 366, नर्सिंग अधिकारी पुरुष (डिप्लोमाधारक) के 200 व नर्सिंग अधिकारी महिला (डिग्रीधारक) के 92 पदों पर भर्ती की जा रही है।सचिव गरिमा रौंकली ने साफ किया कि एनयूआइडी कार्ड पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं होता है। यदि अभ्यर्थी एनयूआइडी कार्ड का अंकन करता है तो वह मान्य नहीं होगा। उत्तराखंड नर्सिंग तथा धात्री परिषद में पंजीकरण करने के लिए आवेदन की रसीद भी मान्य नहीं होगी। 21 से 42 वर्ष के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयु गणना की निश्चायक तिथि एक जुलाई 2023 है।

