प्रेमनगर स्थित जामुनवाला में अज्ञात व्यक्ति ने युवती की हत्या कर शव बोरे में बंद कर दिया और कूड़े के ढेर में डाल दिया। इसके बाद शव के ऊपर कूड़ा डाल दिया।प्रेमनगर थाना पुलिस ने फोरेंसिक की टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक का गला बुरी तरह से रेता हुआ है और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा भी बुरी तरह से कुचला हुआ है।पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को स्थानीय लोग जामुनवाला में कूड़ा फेंकने के लिए गए। इस दौरान उन्होंने देखा कि कूड़े के नीचे एक बोरी से दुर्गंध आ रही थी। बोरे से खून भी बह रहा था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना प्रेमनगर थाना पुलिस को दी। सूचना पर एसपी सिटी शेखर सुयाल, थानाध्यक्ष प्रेमनगर गिरीश नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल फारेंसिक की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
