चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा व पानी भरने की घटना के बाद बचाव व राहत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोर्चा संभाल लिया। सीएम ने देर रात आपदा परिचालन केंद्र पहुंच कर युद्ध स्तर पर बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके उपचार और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढील स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जब तक सभी लोग सुरक्षित बाहर नहीं आ जाते, तब तक राहत एवं बचाव अभियान पूरी ताकत और समन्वय के साथ जारी रहेगा। इस मौके पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन भी मौजूद रहे।
