हल्द्वानी में शहर की नवीन मंडी में युवक-युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के चेहरों को पत्थरों (कंक्रीट के ब्लॉक) से इस तरह कुचला गया कि पहचान भी मुश्किल हो रही थी। देर शाम चार लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। पार्टी में हुए मामूली विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।गल्ला मंडी स्थित गोदामों के पास बृहस्पतिवार सुबह पौने सात बजे युवक और युवती के खून से लथपथ शव पड़े देख सनसनी फैल गई। पल्लेदारों ने सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उनके पास मिले आधार कार्ड से दोनों की शिनाख्त हुई। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। दिन भर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, फोन नंबर ट्रेस किए और शाम तक चारों हत्यारों को दबोच लिया।एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मूल रूप से अल्मोड़ा के लोअर माल रोड तल्ला खोल्टा निवासी शुभम टम्टा (31) उर्फ गोलू पुत्र स्व. किशोरी लाल मुखानी में रहता था। उसके साथ मल्ली पोखरी ग्राम सभा के पोखरी चकसेदुला गांव ओखलकांडा निवासी लक्ष्मी पोखरिया (19) पुत्री हेम चंद्र पोखरिया लिव इन में रहती थी। वहां चारों युवक शुभम से उलझने लगे। इस बीच उन्होंने पास ही पड़े कंक्रीट के ब्लॉक से बेरहम तरीके से सिर कुचलकर शुभम की हत्या कर दी। लक्ष्मी के सामने पूरी वारदात हुई थी। वह घटना की गवाह न बन जाए, इसी अंदेशे से सबने मिलकर उसको भी मार डाला। उसके बाद वे मृतकों के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सुबह को घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। मौके से खून से सने कंक्रीट के दो ब्लॉक, शराब की तीन खाली बोतलें, सिगरेट आदि बरामद कीं। इधर, दोनों मृतकों के परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी। वीडियोग्राफी के बीच चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

