सरकारी प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की घटती संख्या व आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत तीन से छह साल के बच्चों के फिर पब्लिक स्कूलों की ओर रुख करने से शासन की भी चिंता बढ़ा दी है। अब नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना प्राथमिक स्कूल परिसर में ही की जाएगी। नए प्राथमिक स्कूल का प्रस्ताव तब तक स्वीकृत नहीं होगा, जब तक वहां आंगनबाड़ी केंद्र ना हो, ताकि छह साल के बाद आंगनबाड़ी में पंजीकृत बच्चे का एडमिशन प्राथमिक विद्यालय में सुनिश्चित हो।विद्यालय परिसर में खेल मैदान भी विकसित किया जाएगा। शासन की ओर से इस संबंध में निर्णय लिया गया है। नैनीताल क्लब में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव ने कहा कि जिला योजना, राज्य योजना व केंद्र पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन में नैनीताल जिला पूरे प्रदेश में नंबर वन रहा है लेकिन योजनाओं का भौतिक सत्यापन जरूरी है। खासकर पलायन रोकने के लिए संचालित रोजगारपरक योजनाओं, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों सहित अन्य कार्यक्रमों की ग्राउंड लेबल पर सत्यापन के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

