राज्य में बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर दिया धरना। उन्होंने महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग भी उठाई।पुलिस ने कार्यकर्ताओं को धरने से उठाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता डटे रहे। तकरीबन एक घंटे के बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। पुलिस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर ले गई और रिजर्व पुलिस लाइन ले जाकर छोड़ दिया।यमुना कालोनी स्थित शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत के आवास के बाहर चकराता विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के सांकेतिक धरना का कार्यक्रम था। उनके नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंचे। यहां मंत्री के आवास के गेट के बाहर धरना देते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जबरन उठाने का प्रयास किया और इस बीच काफी बहस हुई। पुलिस ने तकरीबन 100 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रेसकोर्स पुलिस लाइन ले जाकर निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
ताजा न्यूज़
July 28, 2026
