मसूरी में झड़ीपानी-चूनाखाला मार्ग पर शनिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पैराफिट तोड़ते हुए करीब 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर आ गिरी। कार में दो छात्राएं और चार छात्र सहित कुल छह लोग सवार थे। सभी मसूरी घूमने के बाद लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने घायल तीन लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा। एक छात्रा और एक छात्र ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि, एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे का कारण तीव्र ढलान और तेज गति के कारण मोड़ पर चालक का वाहन पर नियंत्रण खोने का अनुमान लगाया जा रहा है। मसूरी कोतवाली पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह सवा पांच बजे हुई।देहरादून-मसूरी रोड स्थित डीआइटी यूनिवर्सिटी का बीटेक कंप्यूटर साइंस छात्र हृदयांश चंद्र और आइएमएस यूनियन यूनिवर्सिटी के स्नातक के छात्र-छात्राएं अमन सिंह राणा, दिव्यांश प्रताप भाटी, तनुजा रावत व परास्नातक की छात्रा नयनश्री आपस में दोस्त हैं। सभी यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर पेइंग गेस्ट के रूप में रहते हैं। इनका मुरादाबाद निवासी दोस्त आशुतोष तिवारी पिछले वर्ष आइएमएस यूनिसन से पास-आउट हुआ था।दोस्तों से मिलने शुक्रवार रात अपनी फोर्ड एंडेवर कार से आशुतोष तिवारी दून पहुंचा। मध्य रात्रि करीब ढाई बजे सभी छह दोस्त लांग-ड्राइव के लिए निकले। शनिवार तड़के करीब पांच बजे वह झड़ीपानी मार्ग होते हुए देहरादून लौट रहे थे। कार अमन राणा चला रहा था।सभी छात्र-छात्राओं की उम्र 22 से 24 वर्ष के बीच है। इनमें तीन छात्र सोनभद्र, मुरादाबाद, मेरठ और दो हरिद्वार जबकि एक देहरादून का रहने वाला है।

